वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होंगी। जनपद वाराणसी में परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इस वर्ष जिले में कुल 92 हजार परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनके लिए 118 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने हेतु संवेदनशील एवं अति संवेदनशील केंद्रों की विशेष पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। ऐसे केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर जोनल मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। प्रशासनिक अधिकारी परीक्षा अवधि के दौरान नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा करेंगे, ताकि परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन पूर्व में ही कर लिया गया है। पुलिस एवं मजिस्ट्रेट द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी मानकों की जांच की गई है। परीक्षा के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में स्थित स्टेशनरी एवं फोटोस्टेट की दुकानें परीक्षा अवधि में बंद रहेंगी। नकल या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता की सूचना मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं प्रमुख मार्गों पर भी पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।









