वाराणसी। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा पर रविवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। पूरे सरोवर परिसर में छठी मइया के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने सूर्य सरोवर पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर जनकल्याण एवं लोकमंगल की कामना की। उनके साथ बरेका के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पूजा में सहभागिता की।
इस वर्ष आयोजन का विशेष आकर्षण सात अश्वों से युक्त रथ पर विराजमान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा रही। आकर्षक सजावट और दिव्य स्वरूप में स्थापित प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और मनमोहक रोशनी से सुसज्जित सूर्य सरोवर की छटा देखते ही बन रही थी।
सरोवर के तट पर पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं व्रती महिलाओं ने छठी मइया के पारंपरिक लोकगीतों के बीच पूजा-अर्चना की। जल में सूर्य की लालिमा, दीपों की जगमगाहट और श्रद्धालुओं की सामूहिक सूर्य वंदना ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
छठ महापर्व के अवसर पर विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसके साथ ही हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ भी हुआ। भक्ति संगीत और छठी मइया के जयकारों से पूरा परिसर देर तक गुंजायमान रहा।

पूजन कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं छठ समिति के संरक्षक राम जन्म चौबे, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) भारद्वाज चौधरी तथा उप महाप्रबंधक सागर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कर्मचारी परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव, नवीन कुमार सिन्हा, मनीष कुमार सिंह एवं संतोष कुमार यादव ने भी सहभागिता की।
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), नागरिक सुरक्षा दल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड तथा जिला भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। सभी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के समन्वित प्रयास से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में छठ समिति के संस्थापक सी.के. ओझा, अध्यक्ष अनूप सिंह वत्स, कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश सिंह, महामंत्री अजय आर, कोषाध्यक्ष गणेश कुमार एवं नीलेश कुमार सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन राकेश पाण्डेय एवं दीपा मिश्रा ने किया।
बरेका का सूर्य सरोवर एक बार फिर लोक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपरा का केंद्र बना। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने छठ महापर्व की उस परंपरा को जीवंत किया, जिसमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और समस्त जनमानस के कल्याण की भावना निहित है।










