वाराणसी। गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना फूलपुर पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 18 पाउच देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई शनिवार को ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’ के अंतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार दिनांक 15 फरवरी 2026 को उ0नि0 सत्यजीत सिंह, चौकी प्रभारी कठिरांव, अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नयेपुर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर काशी गुप्ता (42 वर्ष), निवासी ग्राम कादिराबाद, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से 14 पाउच विंडीज लाइम तथा 4 पाउच ग्लोबल ब्लैक ब्रांड की कुल 18 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर थाना फूलपुर में मु०अ०सं० 0051/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नयेपुर स्थित देशी शराब के ठेके पर कार्य करता है। ठेका प्रातः 10 बजे खुलता है, किंतु वह उससे पूर्व शराब लाकर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करता था। पुलिस के अनुसार अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु अभियान आगे भी जारी रहेगा।









