वाराणसी। तीर्थनगरी वाराणसी के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर परिसर में श्रद्धालु से दो लाख रुपये की चोरी की घटना का लंका पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने चार सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह को गिरफ्तार करते हुए चोरी में प्रयुक्त सामान व नकदी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं, एक पुरुष तथा एक बाल अपचारी शामिल हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर व प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता प्राप्त की।
थाना लंका पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 15 फरवरी की रात लगभग 1:35 बजे सामने घाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के सामने से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से भीड़-भाड़ वाले धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को एक महिला श्रद्धालु दर्शन हेतु संकट मोचन मंदिर आई थीं। इसी दौरान भीड़ का लाभ उठाकर आरोपियों ने उनके पर्स से दो लाख रुपये पार कर दिए। पीड़िता को होटल पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद थाना लंका में मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पूजा में प्रयुक्त पीली धातु की डोलची, दो गिलास, छह सफेद धातु के बर्तन, एक थाली, कपड़े (सूट सेट व फ्रॉक), चार कीपैड मोबाइल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 40,350 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य आरोपी वेमूला मनेष (निवासी संजीव नगर थन्डा, कुरनूल, आंध्र प्रदेश, उम्र 36 वर्ष) के विरुद्ध पूर्व में भी थाना चौक में चोरी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास और संभावित वारदातों की जांच में जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, चौकी प्रभारी संकट मोचन म०उ०नि० शिप्रा सिंह, म०उ०नि० हृदया गुप्ता सहित थाना लंका व सर्विलांस सेल के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना लंका में मु0अ0सं0-0087/2026 धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।









