Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » 93 वर्ष पुरानी प्रजापति सभा में लोकतंत्र का ऐतिहासिक अध्याय, निर्विरोध चुनी गई नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

93 वर्ष पुरानी प्रजापति सभा में लोकतंत्र का ऐतिहासिक अध्याय, निर्विरोध चुनी गई नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

Share this post:

वाराणसी। प्रजापति समाज की वर्ष 1932 से सतत सक्रिय एवं सामाजिक चेतना की प्रतीक संस्था ‘प्रजापति (कुंभकार) हितकारिणी सभा’ के इतिहास में रविवार का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया, जब संस्था की त्रिवर्षीय प्रबंध समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद विधिवत शपथ ग्रहण कर अपने दायित्वों का निर्वहन संभाल लिया। मैदागिन स्थित प्रजापति धर्मशाला में आयोजित भव्य समारोह में समाज की एकता, लोकतांत्रिक परंपरा और संगठनात्मक मजबूती का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में हुआ, जहां मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. रामनयन वर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा उन्हें आधिकारिक निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए। समारोह में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों, संरक्षक मंडल, युवाओं एवं महिलाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नई टीम का स्वागत कर उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

ज्ञातव्य है कि संस्था, जो सोसायटी एक्ट के अंतर्गत वर्ष 1963 से पंजीकृत है, के त्रिवर्षीय चुनाव की प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। 21 मई को नामांकन पत्रों की संवीक्षा में सभी नामांकन वैध पाए गए थे तथा 22 मई तक किसी भी प्रत्याशी द्वारा नाम वापसी न किए जाने के कारण सभी पदों पर एक-एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। इस तरह संस्था में आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक परिपक्वता का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला।

नवनिर्वाचित समिति में अध्यक्ष पद पर प्रेमशंकर उर्फ कृपाशंकर प्रजापति, उपाध्यक्ष पद पर रामदुलार प्रजापति, महिला उपाध्यक्ष पद पर निशा प्रजापति, मंत्री पद पर जान्हवी देवी प्रजापति, कोषाध्यक्ष पद पर मदन लाल, उपमंत्री पद पर पवन कुमार, महिला उपमंत्री पद पर माया वर्मा, पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर आशीष प्रजापति, आय-व्यय निरीक्षक पद पर लक्ष्मी नारायण, संगठन मंत्री पद पर सोनी चक्रवाल, प्रचार-प्रसार मंत्री पद पर शिवशंकर तथा सांस्कृतिक मंत्री पद पर मनोज चक्रवाल ने अपने पद की जिम्मेदारी ग्रहण की।

इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्यों में विधानसभा दक्षिणी क्षेत्र से मनोज कुमार एवं अभिषेक प्रजापति, कैंट क्षेत्र से राजकुमार प्रजापति एवं जमुना प्रसाद, उत्तरी क्षेत्र से सुरेश प्रसाद प्रजापति एवं रामबच्चन प्रजापति, चिरईगांव क्षेत्र से दुर्गा प्रसाद प्रजापति तथा काशी विद्यापीठ क्षेत्र से महेंद्र प्रसाद प्रजापति को भी शपथ दिलाई गई।

समारोह के दौरान नवनिर्वाचित कार्यकारिणी एवं संरक्षक मंडल ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. रामनयन वर्मा, सहायक रिटर्निंग अधिकारी विनोद वर्मा, निर्वाचन कैशियर गुलाब प्रसाद सहित 17 सदस्यीय चुनाव समिति के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि निर्विरोध चुनाव संस्था की एकजुटता, आपसी विश्वास और समाजहित के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। समारोह के अंत में नई कार्यकारिणी ने समाज के शैक्षिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकता का वातावरण बना रहा, जिसने इस ऐतिहासिक अवसर को और अधिक यादगार बना दिया।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x