वाराणसी। सावन के द्वितीय सोमवार पर संयुक्त व्यापार मंडलों के तत्वावधान में पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस सभागार में भगवान शिव का भव्य महारुद्राभिषेक आयोजित किया गया। महानगर उद्योग व्यापार समिति के मानद सदस्य सनी जोहर के संयोजकत्व में हुए आयोजन में विभिन्न व्यापार मंडलों एवं व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से बाबा का अभिषेक कर राष्ट्र की समृद्धि और व्यापार जगत की उन्नति की कामना की।
सनी जोहर ने कहा कि सावन माह में प्रतिवर्ष भगवान महादेव के महारुद्राभिषेक का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी महानगर उद्योग व्यापार मंडल, लहुरावीर व्यापार मंडल, दशाश्वमेध व्यापार मंडल और कबीर रोड व्यापार मंडल सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं व्यापारी नेताओं ने इसमें सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महादेव का अभिषेक कर देश के विकास, सुख-समृद्धि और व्यापारियों के कारोबार में निरंतर प्रगति की प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में व्यापारी नेता अजीत सिंह बग्गा, अशोक जायसवाल, रजनीश कनौजिया, कृति प्रकाश पांडे, सनी जोहर, सरिता सिंह, सोहनलाल चौरसिया और प्रमोद अग्रहरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











