वाराणसी। सावन के द्वितीय सोमवार पर स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान वाराणसी महानगर, जिला इकाई एवं महिला प्रकोष्ठ की ओर से चौक स्थित गोविंदपुरा मोड़ पर शिवभक्तों और कांवरियों के लिए निःशुल्क फलाहार एवं शीतल पेय का वितरण किया गया। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालुओं ने सेवा शिविर का लाभ उठाया।
संस्थान के चेयरमैन रवि सर्राफ, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष बेबी सेठ एवं महानगर अध्यक्ष सुनीति सिंह ने बताया कि संस्था की ओर से विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सावन मास के सभी सोमवारों पर काशी विश्वनाथ धाम आने वाले कांवरियों, शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है। प्रातःकाल से ही सेवा कार्य शुरू कर फलाहार एवं शीतल पेय वितरित किया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी जनसेवा के विभिन्न कार्यक्रम संचालित करती रहेगी।

सेवा कार्य में विष्णु दयाल सेठ, कमल कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी वंशिका सेठ, आनंद सिंह, संजय सिंह, प्रेमा सेठ, आरती सेठ, मीनाक्षी वर्मा, रंजीता सेठ, प्रार्थना सेठ सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।










