वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ की ओर से मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। इसके लिए 12 अगस्त 2026, बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मुख्य भवन स्थित सभागार में गरिमामय अलंकरण एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को यह मानद उपाधि प्रदान करने के लिए एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ की ओर से समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में सैन्य परंपरा और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
समारोह का प्रमुख आकर्षण एनसीसी कैडेटों द्वारा कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को दिया जाने वाला गार्ड ऑफ ऑनर होगा। इसके बाद सैन्य परंपरा एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप उन्हें मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि के पदचिह्न एवं सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।

यह अवसर सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय और एनसीसी के बीच अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रसेवा एवं युवा विकास के साझा मूल्यों का प्रतीक बनेगा।
कुलानुशासक प्रो. जितेन्द्र कुमार ने बताया कि समारोह में ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ के ग्रुप कमांडर सहित एनसीसी के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। समारोह के दौरान सैन्य परंपराओं एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का विशेष रूप से पालन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कुलपति को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि प्रदान किया जाना सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के साथ अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को भी रेखांकित करता है।
अलंकरण समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं एनसीसी विभाग द्वारा तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य भवन स्थित सभागार, परिसर, मंच, सुरक्षा, प्रोटोकॉल, अतिथि व्यवस्था, संगीत एवं सैन्य कार्यक्रमों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
गार्ड ऑफ ऑनर सहित समारोह में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के पूर्वाभ्यास एवं व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई, ताकि मुख्य समारोह में प्रत्येक कार्यक्रम निर्धारित सैन्य अनुशासन एवं गरिमा के अनुरूप सम्पन्न हो सके।
सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान-परंपरा, संस्कृत भाषा एवं शास्त्रीय विद्याओं की समृद्ध विरासत का संवाहक है। वहीं एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा, सेवा-भाव एवं राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ऐसे में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि से अलंकृत किया जाना भारतीय ज्ञान परंपरा और सैन्य अनुशासन के मूल्यों के विशिष्ट संगम के रूप में देखा जा रहा है। यह सम्मान केवल कुलपति का व्यक्तिगत गौरव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय परिवार के लिए भी हर्ष और सम्मान का विषय है।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उन्नयन, भारतीय ज्ञान-परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। एनसीसी की ओर से दिया जा रहा यह सम्मान उनके नेतृत्व, अनुशासनप्रिय कार्यशैली तथा राष्ट्रहित से जुड़े शैक्षणिक प्रयासों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है।
समारोह को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सुरक्षा, परिसर व्यवस्था, उद्यान, संपत्ति, मंच, संगीत, प्रोटोकॉल, अतिथि व्यवस्था एवं जनसम्पर्क सहित अन्य तैयारियां की जा रही हैं।
समारोह में ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पंजियार, ग्रुप कमांडर, ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’; लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश वीरौशन, कमान अधिकारी, 100 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी; लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकरण वर्मा, कमान अधिकारी, 97 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी; लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षित छाबड़ा, प्रशासनिक अधिकारी, ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ सहित एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. जितेन्द्र कुमार, डॉ. ज्ञानेन्द्र साँपकोटा, डॉ. विजेन्द्र आर्य, एनसीसी अधिकारी डॉ. नितिन आर्य, जनसम्पर्क अधिकारी शशीन्द्र मिश्र, प्रभुनाथ यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।










