वाराणसी। भेलूपुर पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के जरिए 16.62 करोड़ रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी करने के आरोप में एक अभियुक्त को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 9 अगस्त को करीब 1:15 बजे कोलकाता के सडर स्ट्रीट स्थित एक होटल से हिरासत में लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, भेलूपुर थाने में दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि विपक्षी पक्ष ने जमीन से संबंधित फर्जी और कूटरचित दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता से 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान डा. अमित कुमार सिंह यादव (54) पुत्र स्व. झगरू राम यादव, निवासी बी-147 न्यू नारायण नगर, रविंद्रपल्ली, इंद्रानगर, थाना गाजीपुर, जिला लखनऊ के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, अस्सी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन कुमार चतुर्वेदी, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी तथा साइबर सेल के कांस्टेबल विराट सिंह शामिल रहे।










