वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले एक वर्ष में 59 संगठित गिरोहों का पर्दाफाश कर 283 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 15 अवैध कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया गया। साइबर ठगी में इस्तेमाल 10,876 मोबाइल नंबर और 9,462 आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में साइबर क्राइम पुलिस और साइबर सेल की प्रभावी कार्रवाई के तहत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मिली 12,282 शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस दौरान ठगी की 28.30 करोड़ रुपये की धनराशि होल्ड कराई गई, जबकि पीड़ितों को 5.10 करोड़ रुपये वापस दिलाए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों में 21 के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साइबर अपराधियों के चंगुल से 550 लोगों को सुरक्षित मुक्त कराने के साथ अपराध में इस्तेमाल 17 चारपहिया वाहन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय डिजिटल अरेस्ट और अवैध सिम-बॉक्स नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया। कार्रवाई में छह 32-पोर्ट सिम-बॉक्स (192 सिम स्लॉट), राउटर, गेटवे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा साइबर ठगी के प्रति जागरूकता अभियान चलाकर 48 हजार से अधिक लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की धनराशि में 47.02 प्रतिशत की कमी आई है। ठगी की धनराशि होल्ड कराने में 55.6 प्रतिशत और पीड़ितों को वापस कराई गई धनराशि में 73.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2026 में साइबर अपराध से संबंधित 219 प्राथमिकी दर्ज की गईं।

अक्टूबर माह में सिगरा और भेलूपुर थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 1 करोड़ 65 लाख 54 हजार रुपये होल्ड कराए। सिगरा में पेट्रोल पंप की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में 75.77 लाख और भेलूपुर में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी के मामले में 89.77 लाख रुपये सुरक्षित कराए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों को साइबर अपराधियों के संगठित नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करने और जटिल मामलों का तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले और तकनीकी रूप से दक्ष पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। ऐसे कर्मियों को भविष्य में थाना प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण दायित्व देने में प्राथमिकता मिलेगी।










