Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » सड़क विवाद बना जानलेवा: फूलपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

सड़क विवाद बना जानलेवा: फूलपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

Share this post:

वाराणसी, 28 अप्रैल। गोमती जोन के अंतर्गत थाना फूलपुर क्षेत्र में एक मामूली सड़क दुर्घटना ने भयावह रूप ले लिया, जहां विवाद के दौरान एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को ग्राम घमहापुर के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बर्तन धो रही बिंदू देवी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार चालक मनीष सिंह को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट की घटना में मनीष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना फूलपुर पुलिस ने चार आरोपियों— मनोज प्रजापति, हरिश्चन्द्र राजभर, योगेन्द्र प्रजापति और अभिषेक उर्फ बुद्धू— को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त गोमती जोन कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और थाना फूलपुर की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही सभी वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह हिंसक रूप लेकर जानलेवा बन जाते हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x