वाराणसी। चित्रगुप्त युवक मंडल, बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के तत्वावधान में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज का 64वां पूजनोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के बीच सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर बरेका स्थित श्री शिव-काली-हनुमान-चित्रगुप्त मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं शास्त्रीय विधि-विधान के साथ भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज का सामूहिक पूजन-अर्चन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य श्री आशुतोष सिन्हा रहे। उन्होंने आयोजन की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की उपासना केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, ज्ञान, नैतिकता, लेखन एवं समाज-सेवा के मूल्यों को जीवन में उतारने का संदेश भी देती है। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए शिक्षा, अनुशासन एवं सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया तथा समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज के आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाना, समाज में शिक्षा, ज्ञान, नैतिकता, सामाजिक समरसता एवं आपसी सद्भाव की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम में चित्रगुप्त युवक मंडल के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष श्री उमेश श्रीवास्तव, श्री नवीन सिन्हा, श्री निलेश रंजन वर्मा एवं श्री सलील श्रीवास्तव, तथा कोषाध्यक्ष श्री नीरज श्रीवास्तव सहित मंडल के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाज के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
चित्रगुप्त युवक मंडल ने मुख्य अतिथि श्री आशुतोष सिन्हा सहित समारोह में सहभागी सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।










