वाराणसी। हिंदी दैनिक वीर अर्जुन एवं प्रमुख उर्दू दैनिक प्रताप समूह के प्रणेता और पत्रकारिता के पुरोधा स्व. के. नरेन्द्र की 113वीं जयंती के अवसर पर “पत्र और पत्रकारिता” विषय पर तीन दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वाराणसी में आरंभ होकर चंदौली जनपद के बहादुरपुर (जलीलपुर–पड़ाव) में समापन के साथ सम्पन्न हुआ।
गोष्ठी की अध्यक्षता वीर अर्जुन के वाराणसी ब्यूरो चीफ डॉ. अरविंद गांधी ने की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. के. नरेन्द्र के पत्रकारिता जीवन, उनके सिद्धांतों और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि स्व. नरेन्द्र ने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम माना और निष्पक्ष, निर्भीक व मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता की मजबूत परंपरा स्थापित की।
वक्ताओं ने वर्तमान दौर की पत्रकारिता में नैतिकता, सत्यनिष्ठा और जनपक्षधरता के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि स्व. के. नरेन्द्र के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर डॉ. सविता पूनम, राजकुमार सिंह, युगुल किशोर विश्वकर्मा, डॉ. सुल्तान खान (एडवोकेट), रतन कुमार विश्वकर्मा, सोनी चक्रवाल, दिनेश सिंह कुशवाहा, अमरनाथ यादव, हिमांशु नाथ त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









