वाराणसी। थाना जैतपुरा पुलिस ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर प्रयागराज भगा ले जाने, फर्जी निकाह कर दुराचार करने वाले अभियुक्त रब्बानी शेख को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर काशी जोन के अभियान में मुखबिर सूचना पर 1 मई 2026 को जलालीपुरा क्रॉसिंग से गोलगड्डा रोड पर यह फुर्तीली कार्रवाई की गई।
प्रयागराज के करेलाबाग बालू मंडी, बिहार नगर, थाना करैली निवासी रब्बानी शेख (उम्र 19 वर्ष, पुत्र कुद्दूस शेख) ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर 7 अप्रैल 2026 को घर से भगा लिया। फर्जी निकाह कर जबरन शारीरिक संबंध बनाए, विरोध पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। 30 अप्रैल को चाचा के साथ लौटी बच्ची ने मां को पूरी घटना बताई।
1 मई को पीड़िता की मां की तहरीर पर मामला दर्ज कर अभियुक्त को तत्काल पकड़ा गया। थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में उ.नि. गजराज भारती, उ.नि. शैलेश, का. दीपक यादव व का. सूरज कुमार की टीम ने यह सफलता हासिल की। अग्रिम कानूनी कार्रवाई चल रही है।










