वाराणसी। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा की ओर से वार्षिक हनुमान जन्मोत्सव समारोह का आयोजन 7 नवंबर को हनुमान घाट पर श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाएगा। रात्रि 12:30 बजे आयोजित होने वाले इस धार्मिक समारोह में अखाड़े के साधु-संतों, महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और काशीवासियों के शामिल होने की संभावना है।
जूना अखाड़े के राष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरि गिरि महाराज के निर्देश पर आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। समारोह में श्रद्धालु हनुमान जी का दर्शन-पूजन कर सुख, शांति, समृद्धि और लोककल्याण की कामना करेंगे। इस दौरान संत समाज की उपस्थिति में हनुमान भक्ति और आध्यात्मिकता का विशेष वातावरण रहेगा।
अखाड़े के मैनेजर मुकेश सिंह ने बताया कि वार्षिक हनुमान जन्मोत्सव जूना अखाड़े की प्राचीन धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण आयोजन है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस वर्ष भी व्यापक सहभागिता की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने काशीवासियों एवं हनुमान भक्तों से समारोह में शामिल होकर हनुमान जी का दर्शन-पूजन करने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।










