Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दे गए पुलिस अधिकारी

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दे गए पुलिस अधिकारी

Share this post:

चंदौली। बबुरी मवैया स्थित राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल में सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा के तहत चलाए जा रहे अभियान के क्रम में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय बताना था।

कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक सत्य प्रकाश एवं मुगलसराय के क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी की उपस्थिति रही। विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने मार्च पास्ट कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय के वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और यातायात संकेतों का सम्मान करने की अपील की। साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने देने पर विशेष जोर दिया।

अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी से न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है। थोड़ी-सी सावधानी और नियमों का पालन करके दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की एमडी एवं डायरेक्टर परवीन रुस्तम, वाइस चेयरमैन एमडी शाह आलम, प्रधानाचार्या विभा सिंह, उपप्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह सहित विद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संदेश रहा कि सुरक्षित चलें, सतर्क रहें और दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखें।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल