वाराणसी, 27 अप्रैल। शहर में प्रस्तावित वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए 28 अप्रैल को यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान बसों तथा अन्य वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज, सोनभद्र एवं मीरजापुर की ओर से आने वाली बसों को मोहनसराय अंडरपास से मुड़ैला तिराहा होते हुए वापस किया जाएगा। वहीं जौनपुर की ओर से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास के रास्ते काशी कृषक इंटर कॉलेज परिसर में पार्किंग हेतु भेजी जाएंगी। गाजीपुर एवं आजमगढ़ की दिशा से आने वाली बसों को आजमगढ़ रिंग रोड अंडरपास से ही वापस कर दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त अमरा अखरी अंडरपास से आने वाले वाहनों को मोहनसराय और डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चांदपुर चौराहा से लहरतारा की ओर जाने वाले वाहनों पर पूर्णतः रोक रहेगी और चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।

चार पहिया एवं अन्य वाहनों के लिए भी विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। बाबतपुर पुलिस चौकी से भारी वाहनों को बड़ागांव की ओर मोड़ा जाएगा। भेलखा हनुमान मंदिर से गिलट बाजार की ओर जाने के बजाय वाहनों को हरहुआ रिंग रोड की ओर भेजा जाएगा। मुड़ैला तिराहा एवं चांदपुर चौराहा से मंडुवाडीह की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इसी क्रम में बऊलिया तिराहा से लहरतारा जाने वाले वाहनों को मोहनसराय की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि लहरतारा चौराहा से मंडुवाडीह की ओर जाने वाले वाहनों को चांदपुर मार्ग से भेजा जाएगा। महमूरगंज ओवरब्रिज से मंडुवाडीह की ओर जाने पर रोक रहेगी और वाहनों को रथयात्रा की ओर मोड़ा जाएगा। महमूरगंज पुलिस चौकी से ककरमत्ता की ओर जाने वाले वाहनों को आकाशवाणी एवं सनबीम स्कूल (लहरतारा) की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, जिससे वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।









