वाराणसी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं बाधारहित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आशापुर चौराहा से पाण्डेयपुर चौराहा होते हुए चौकाघाट तक लगभग 12 किलोमीटर पैदल गश्त कर यातायात संचालन एवं सड़क सुरक्षा की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने बिना नंबर प्लेट वाहनों, रांग साइड ड्राइविंग तथा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाकर सघन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिस थाना क्षेत्र में अतिक्रमण पाया जाएगा, उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी की होगी।
इसके साथ ही अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंडों को चिन्हित कर तत्काल हटाने, व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था लागू करने तथा सड़कों पर फैल रही अव्यवस्था को समाप्त करने के निर्देश दिए गए। सड़क पर ठेला-खुमचा लगाकर यातायात बाधित करने वालों एवं दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त अपराध श्री आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय श्री शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन श्री प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन सुश्री लिपि नागयाच, पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अनिल यादव, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अंशुमान मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।









