Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » युवाओं ने संभाली कमान, सड़क सुरक्षा को बनाया जनआंदोलन : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ गंगापुर परिसर की पहल

युवाओं ने संभाली कमान, सड़क सुरक्षा को बनाया जनआंदोलन : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ गंगापुर परिसर की पहल

Share this post:

वाराणसी। सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही बढ़ोतरी के मद्देनज़र युवाओं ने सुरक्षित यातायात का संदेश बुलंद किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर स्थित समस्त इकाइयों द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत द्वितीय एक दिवसीय विशेष शिविर एवं भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति सचेत करना तथा सुरक्षित परिवहन संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर में आयोजित संगोष्ठी से हुआ, जिसमें सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके उपरांत स्वयंसेवकों ने परिसर से नगर एवं आसपास के क्षेत्रों तक जागरूकता रैली निकाली। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए स्वयंसेवकों ने “हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं”, “सीट बेल्ट है सुरक्षा कवच”, “गति पर नियंत्रण, जीवन का संरक्षण” जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान दोपहिया चालकों को हेलमेट के अनिवार्य उपयोग तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करने की अपील की गई।

इस अवसर पर परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी ही अधिकांश दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का ईमानदारीपूर्वक पालन करे तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं को समाज का पथप्रदर्शक बताते हुए आह्वान किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समुदाय को भी इसके लिए प्रेरित करें।

शिविर में स्वयंसेवकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम के सफल संचालन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों, परिसर के समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों एवं प्रशासन का सक्रिय और सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से ही सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x