वाराणसी। सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए काशी नटिनियादाई व्यापार मंडल द्वारा रविवार को निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर आर. जे.शंकरा आई हॉस्पिटल के सहयोग से जे.पी.एच. पब्लिक स्कूल, नवलपुर मीरापुर बसही परिसर में आयोजित हुआ, जहां क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।
शिविर में 250 से अधिक मरीजों का पंजीकरण कर उनका विस्तृत नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 55 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जिनका ऑपरेशन निःशुल्क किए जाने का निर्णय लिया गया। चयनित मरीजों का ऑपरेशन अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में निर्धारित तिथियों पर संपन्न कराया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के संरक्षक डॉ. ए.पी. सिंह एवं अध्यक्ष पंकज सिंह ने फीता काटकर किया। अपने संबोधन में पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य केवल व्यवसायिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। नेत्र रोगों, विशेषकर मोतियाबिंद जैसी समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए इस प्रकार के शिविर अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।

अस्पताल की ओर से डॉ. अमन त्रिपाठी के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने मरीजों की जांच की। टीम में अक्षिता, अनीशा, मनीषा जियुल एवं संकेत ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। चिकित्सकों ने मरीजों को आंखों की स्वच्छता, नियमित जांच और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया।
शिविर के आयोजन में मंडल के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय व्यापारियों की सराहनीय भागीदारी रही। इस अवसर पर राजेश श्रीवास्तव, प्रभारी राजेश वर्मा, बबलू जी, महामंत्री आनंद जायसवाल, करन यादव एडवोकेट, उपाध्यक्ष दीपू कश्यप, नीरा गोंड, राजू, अमित वर्मा, ओमवीर सिंह, संदीप यादव, सुनील खेतान, शिव गुप्ता, पवन सिंह, अभिषेक उपाध्याय, संजय वर्मा, अंकित पांडे, हरिहरन, बृजेश सिंह, संदीप सिंह, अविनाश शर्मा, अरुण सैनी, जियुत बंधन गोंड और राजू पटेल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राजेश श्रीवास्तव एवं पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ए.पी. सिंह ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।









