वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने सोमवार को कैम्प कार्यालय स्थित सभागार में राजपत्रित अधिकारीगण के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर सीएम डैशबोर्ड, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, सुगम यातायात व्यवस्था तथा आगामी महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न श्रेणियों में दर्ज प्रकरणों की अद्यतन स्थिति का गहन परीक्षण किया गया। पुलिस आयुक्त ने गैंगस्टर एक्ट, जघन्य अपराध, एनडीपीएस एक्ट तथा गोवध अधिनियम से संबंधित लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर विशेष बल दिया। उन्होंने डैशबोर्ड पर प्रविष्टियों की शुद्धता, समयबद्ध अद्यतन एवं तथ्यात्मक सत्यता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय करने को कहा। साथ ही सभी राजपत्रित अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड के पैरामीटर्स पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर संभावित भीड़ को देखते हुए प्रमुख शिवालयों एवं संवेदनशील स्थलों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए जिग-जैग बैरिकेडिंग व्यवस्था लागू करने, पर्याप्त पुलिस एवं महिला पुलिस बल की तैनाती, तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को भीड़ प्रबंधन व आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु पूर्व ब्रीफिंग देने पर विशेष जोर दिया गया। सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा की गई। अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाने, जाम संभावित स्थलों को चिन्हित कर विशेष यातायात प्लान लागू करने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अवैध पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, हेलमेट व सीट बेल्ट उल्लंघन, नशे में ड्राइविंग तथा ओवरलोडिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं में शून्य मृत्यु के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु ‘जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD)’ अभियान को सघन रूप से संचालित करने तथा ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से संवाद करते समय संवेदनशील एवं व्यवहारकुशल रहें, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और सुदृढ़ हो।









