वाराणसी | वाराणसी पुलिस आयुक्त के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चेतगंज पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने लहुराबीर क्षेत्र से 5.2 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नंद बिहारी गुप्ता (26 वर्ष) पुत्र राम लखन शाह, निवासी ग्राम सीढ़ी, थाना कराहगर, जिला सासाराम (बिहार) के रूप में हुई है। दिनांक 24 जनवरी 2026 को थाना चेतगंज पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि लहुराबीर स्थित एक अंग्रेजी शराब ठेके के पीछे एक व्यक्ति सफेद झोले में अवैध देशी शराब बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
मुखबिर के इशारे पर पुलिस ने गाढ़े नीले रंग का स्वेटर, जींस पहने, गले में गमछा डाले और हाथ में सफेद झोला लिए एक युवक को देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के झोले से ग्लोबस शाही नींबू गोल्ड ब्रांड के 26 पाउच, कुल 5.2 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह इस शराब को महंगे दामों पर बेचकर अपनी आजीविका चलाता था और पुलिस को देखकर डर के कारण भागने का प्रयास किया।
इस संबंध में थाना चेतगंज पर मुकदमा अभियोग संख्या–012/2026, धारा 60 उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशों के अनुपालन में, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के मार्गदर्शन तथा अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रमुख रूप से निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला,उपनिरीक्षक विकल शाण्डिल्य, हेड कांस्टेबल भरत यादव एवं राज विलास शामिल रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध शराब या नशीले पदार्थों के कारोबार की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर या निकटतम थाने को सूचित करें।









