वाराणसी ।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर काशी एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण की साक्षी बनने जा रही है। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को भव्य परेड की ग्रैंड रिहर्सल का निरीक्षण कर सुरक्षा, अनुशासन एवं समन्वय से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड की विशेष पहचान नारी शक्ति और महिला सशक्तिकरण को समर्पित होगी। परेड का नेतृत्व एसीपी यूटी मानसी दहिया करेंगी। यह पहली बार है जब गणतंत्र दिवस परेड में महिला पुलिस की अग्रणी भूमिका इतने व्यापक और प्रभावशाली रूप में देखने को मिलेगी। यह आयोजन न केवल पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता को दर्शाता है, बल्कि समाज को समानता और सशक्तिकरण का स्पष्ट संदेश भी देता है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि “गणतंत्र दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का उत्सव है। इस अवसर पर कर्तव्य, अनुशासन और सेवा भावना का प्रदर्शन होना चाहिए।” उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परेड और समारोह को समयबद्ध, गरिमामय और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाए।

इस ऐतिहासिक परेड में महिला पुलिस बल की प्रभावशाली भागीदारी रहेगी। परेड में महिला पुलिस की तीन टुकड़ियाँ, महिला यातायात पुलिस की एक टुकड़ी, महिला कमांडो पुलिस की एक टुकड़ी तथा प्रशिक्षु महिला पुलिस की दस टुकड़ियाँ कदमताल करती नजर आएंगी। इसके साथ ही घुड़सवार दस्ता, स्कूटी दस्ता, यूपी-112, वायरलेस, डॉग स्क्वाड, फील्ड यूनिट और फायर सर्विस के दस्ते भी परेड की शोभा बढ़ाएंगे।
गणतंत्र दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति, नारी शक्ति, आत्मनिर्भर भारत और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। ये कार्यक्रम युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करेंगे।
समारोह के दौरान 26 जनवरी को कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और न्याय व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इन पुलिसकर्मियों ने जटिल अपराधों के सफल खुलासे, साहसिक अभियानों, तकनीकी दक्षता और मानवीय सेवा के माध्यम से पुलिस की कार्यक्षमता और संवेदनशीलता को नई ऊँचाई दी है।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमा, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव के अनुरूप भव्य रूप में संपन्न किया जाएगा, ताकि यह आयोजन काशी के इतिहास में नारी शक्ति के सम्मान के प्रतीक के रूप में दर्ज हो सके।









