Follow us on

Home » सम्मान » उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से अलंकृत हुए डॉ. सुधांशु सिंह,कृषि अनुसंधान में वैश्विक पहचान दिलाने वाले वैज्ञानिक को मिला प्रदेश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से अलंकृत हुए डॉ. सुधांशु सिंह,कृषि अनुसंधान में वैश्विक पहचान दिलाने वाले वैज्ञानिक को मिला प्रदेश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

Share this post:

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित एक गरिमामयी राज्य स्तरीय समारोह में अंतर्राष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान, दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आईएसएआरसी) के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

यह सम्मान डॉ. सुधांशु सिंह को कृषि अनुसंधान, नवाचार और सतत खाद्य प्रणालियों के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया गया है। उन्होंने वैश्विक कृषि विज्ञान को उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए स्थानीय और व्यवहारिक समाधान में रूपांतरित कर प्रदेश की कृषि को नई दिशा दी है। उनके प्रयासों से विशेषकर धान आधारित कृषि प्रणालियों में उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

डॉ. सिंह के नेतृत्व में आईएसएआरसी एक अंतरराष्ट्रीय उत्कृष्ट अनुसंधान केंद्र के रूप में उभरा है। यहां क्लाइमेट-स्मार्ट कृषि, धान की सीधी बुआई, तनाव-सहनशील फसल प्रौद्योगिकियां, कृषि यंत्रीकरण तथा कम-उत्सर्जन खेती जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया गया है, जो प्रदेश में भूजल ह्रास, जलवायु परिवर्तन और बढ़ती उत्पादन लागत जैसी गंभीर चुनौतियों का प्रभावी समाधान प्रस्तुत करती हैं।

उन्होंने आगरा में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे उत्तर प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय कृषि अनुसंधान संस्थानों की मौजूदगी सशक्त हुई और कृषि-खाद्य प्रणालियों के दीर्घकालिक विकास को मजबूती मिली।

आजमगढ़ जनपद के ग्राम समेंदा निवासी डॉ. सुधांशु सिंह ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बी.एससी. (कृषि) एवं एम.एससी. (एग्रोनॉमी) में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। उन्होंने फिलीपींस स्थित अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान (आईआरआरआई) से पीएचडी एवं पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप प्राप्त की। वर्तमान में वे एशिया और अफ्रीका में धान अनुसंधान का नेतृत्व कर रहे हैं।

डॉ. सिंह 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान परियोजनाओं का नेतृत्व कर चुके हैं, उनके 150 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं तथा वे ‘इरावती’ धान किस्म के सह-विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं। वर्ष 2025 में उन्हें इंडियन सोसाइटी ऑफ एग्रोनॉमी द्वारा प्रतिष्ठित फेलो अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

राज्य सरकार द्वारा संस्कृति विभाग के माध्यम से दिया जाने वाला उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यों से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया हो। डॉ. सुधांशु सिंह को यह सम्मान किसानों की आय बढ़ाने, सतत कृषि को प्रोत्साहित करने और उत्तर प्रदेश की वैश्विक प्रतिष्ठा को सुदृढ़ करने में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x