वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय रियल मीडिया फाउंडेशन RMF NEWS 24 LIVE के तत्वावधान में माँ सरस्वती पूजनोत्सव का भव्य तीन-दिवसीय आगाज़ वधाव नाला रोड, पाण्डेयपुर, वाराणसी में श्रद्धा, आस्था और उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजन-अर्चन एवं आरती के साथ सम्पन्न हुआ।
पूजनोत्सव के उद्घाटन अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पंकज श्रीवास्तव, वरिष्ठ पदाधिकारीगण, पत्रकार बंधु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी श्रद्धालुओं ने माँ शारदा के चरणों में पुष्प अर्पित कर ज्ञान, विद्या, विवेक एवं सद्बुद्धि की कामना की।
भव्य एवं सुसज्जित पंडाल में स्थापित माँ सरस्वती की दिव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त रहा और “जय माँ सरस्वती” के गगनभेदी जयघोष से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

आयोजकों के अनुसार, तीन दिनों तक चलने वाले इस पूजनोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़े विविध आयोजन किए जाएंगे। यह आयोजन समाज में शिक्षा, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।









