प्रयागराज। कौंधियारा थाना क्षेत्र के बड़गोहना खुर्द गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 10 लाख रुपये के पैसों के विवाद और कथित दहेज प्रताड़ना से आहत एक विवाहिता ने अपनी छह माह की मासूम बेटी के साथ घर के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटी दोनों की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान सोनम पटेल (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उसकी छह माह की बेटी सृष्टि भी इस हृदयविदारक घटना का शिकार हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार सोनम की पहली शादी वर्ष 2018 में ज्ञान सिंह से हुई थी। वर्ष 2023 में सड़क दुर्घटना में ज्ञान सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद पारिवारिक दबाव में सोनम की शादी उसके देवर शिव बाबू से कर दी गई। पति की मौत के बाद मिले 14 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा में से चार लाख रुपये सास-ससुर को दिए गए थे, जबकि शेष 10 लाख रुपये सोनम के खाते में आए थे।

मायके पक्ष का आरोप है कि इन्हीं पैसों को लेकर ससुराल पक्ष सोनम पर लगातार दबाव बना रहा था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आए दिन झगड़े होते थे। पुलिस के अनुसार घटना से एक रात पहले भी पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनम के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस द्वारा पति शिव बाबू और बहनोई लक्ष्मण पटेल (निवासी निवैया गांव, थाना मेजा) की गिरफ्तारी के बाद ही परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस संबंध में डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज प्रताड़ना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मां-बेटी की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। छह माह की मासूम की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।









