वाराणसी। चितईपुर क्षेत्र में हिन्दू युवा वाहिनी का सदस्यता समारोह भव्य, उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव तथा पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार उपाध्याय (राजा भईया) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं और नवागंतुक सदस्यों में नया उत्साह भर दिया। समारोह के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने हिन्दू युवा वाहिनी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने संगठन की विचारधारा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिन्दू युवा वाहिनी समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए सतत सक्रिय है। उन्होंने युवाओं से संगठित होकर समाज के हर वर्ग के कल्याण हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार उपाध्याय (राजा भईया) ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति किसी भी संगठन की रीढ़ होती है। हिन्दू युवा वाहिनी युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान कर उन्हें राष्ट्र और समाज के उत्थान से जोड़ने का कार्य कर रही है। संगठन का लक्ष्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सेवा भाव और अनुशासन की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विस्तार को मजबूती देते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की गई। सुशील त्रिपाठी को वाराणसी जिला अध्यक्ष तथा उत्तम त्रिपाठी को मीरजापुर जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। समारोह के अंत में नवनियुक्त सदस्यों का अभिनंदन किया गया तथा संगठन के विस्तार एवं सामाजिक दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प दोहराया गया। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।









