वाराणसी। श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज, परमानंदपुर में मिशन शक्ति-5 के तहत महिला अध्ययन केंद्र द्वारा शुक्रवार को “लैंगिक समानता” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में केंद्र की समन्वयक डॉ. श्रृंखला ने कहा कि समाज में बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति—चाहे वह महिला हो या पुरुष—को समान अधिकार, अवसर, संसाधन और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकार और अवसर किसी के लिंग के आधार पर नहीं, बल्कि उसकी क्षमता और इच्छा पर निर्भर होने चाहिए।समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. कुमुद सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि लैंगिक समानता समाज के विकास का अनिवार्य अंग है। एक स्वस्थ, सुरक्षित और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए यह आवश्यक है कि सभी व्यक्तियों को समान संसाधन और अवसर प्राप्त हों।वहीं डॉ. सुनीता सिंह ने छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी, जो लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे हैं।कार्यक्रम का संचालन डॉ. बन्दनी ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के अनेक प्रवक्तागण और छात्राएं उपस्थित रहीं।









