वाराणसी। वाराणसी में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को नई दिशा देने वाला इंटरनेशनल टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी एक्सपो–2025 होटल ताज, नदेसर में शुरू हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) व इन्वेस्ट यूपी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।एक्सपो में देश–विदेश के करीब 5000 से अधिक उद्यमी और 8 देशों के राजनयिक व व्यापारिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। आयोजकों के अनुसार अब तक 18 हजार से ज्यादा लोगों ने निशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण कराया है, जबकि 85 से अधिक स्टॉलों पर पर्यटन, आतिथ्य, हस्तशिल्प और संस्कृति से जुड़ी नवीन तकनीक व व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है।आयोजन में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के आठ प्रतिष्ठित प्रोफेसर और ज्योतिषी भी शैक्षिक–सांस्कृतिक परामर्श सत्रों के माध्यम से प्रतिभाग कर रहे हैं।IIA अध्यक्ष ने बताया कि इस एक्सपो का उद्देश्य पूर्वांचल को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना, स्थानीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना और नए रोजगार अवसर सृजित करना है। इन्वेस्ट यूपी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।यह आयोजन न केवल पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को बढ़ावा देने में सहायक है, बल्कि सांस्कृतिक आदान–प्रदान और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने का माध्यम भी बन रहा है।









