वाराणसी। तेलुगु सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता एवं पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित नंदामुरी बालकृष्ण अपनी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंडा 2’ के प्रचार के सिलसिले में काशी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पवित्र श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। उनके साथ फिल्म की निर्माता एम. तेजस्विनी नंदामुरी भी उपस्थित रहीं।
‘अखंडा 2’ का निर्माण 14 रील्स प्लस बैनर के अंतर्गत राम अचंता और गोपी अचंता द्वारा किया जा रहा है। फिल्म के प्रचार के लिए काशी जैसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल का चयन फिल्म की भावनात्मक व आध्यात्मिक प्रकृति को दर्शाता है। मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र में बालकृष्ण को देखने के लिए प्रशंसकों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अवसर पर नंदामुरी बालकृष्ण ने कहा, “पवित्र काशी विश्वनाथ मंदिर घाट पर खड़े होकर मुझे अपार शक्ति और कृतज्ञता की अनुभूति हो रही है। ‘अखंडा 2’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि विश्वास, सच्चाई और आंतरिक शक्ति की भावना है।”

उल्लेखनीय है कि नंदामुरी बालकृष्ण तेलुगु सिनेमा में अपने सशक्त और दमदार किरदारों के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। उनकी पिछली फिल्म ‘अखंडा’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी, जिसके बाद इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में पहले से ही खासा उत्साह है।
फिल्म ‘अखंडा 2’ का निर्देशन बोयापति श्रीनु कर रहे हैं, जबकि संगीत एस. थमन ने दिया है। फिल्म में बालकृष्ण के साथ अभिनेत्री संयुक्ता मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म ज़ी स्टूडियो के सहयोग से बनाई जा रही है।
काशी में हुए इस दिव्य प्रचार अभियान के बाद ‘अखंडा 2’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। फिल्म को वर्ष की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक माना जा रहा है।









