वाराणसी, 7 दिसंबर। राजनीतिक दल द्वारा बिना अनुमति प्रस्तावित प्रदर्शन की सूचना के बाद कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल रविवार को स्वयं सड़कों पर उतर आए। उन्होंने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस आयुक्त ने तैनात पुलिस बल को हेलमेट, डण्डा, बॉडी प्रोटेक्टर तथा असलहों के साथ पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर उचित स्थानों पर बैरिकेडिंग, रस्से और अन्य सुरक्षा प्रबंध व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके।उन्होंने तैनात पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भीड़ में शामिल किसी भी अराजकतत्व की तुरंत पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए और उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई हो। इस दौरान जिन पुलिस कर्मियों को बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के ड्यूटी पर पाया गया, उन्हें कड़ी फटकार लगाई गई तथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए गए।श्री अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हिदायत दी कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें, विभिन्न प्वाइंट्स पर तैनात बल का मनोबल बढ़ाएं और उन्हें समय-समय पर निर्देशित करते रहें ताकि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना पूर्व अनुमति किसी भी प्रकार का जुलूस, रैली या प्रदर्शन पूर्णतया प्रतिबंधित है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।









