वाराणसी। रेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों एवं बरेका महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत 17 सितंबर को बरेका इंटर कॉलेज में स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार माहेश्वरी के नेतृत्व में आयोजित अभियान में कक्षा 11 के करीब 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने हाथों में झाड़ू लेकर विद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों की साफ-सफाई की। इस दौरान उन्होंने ‘स्वच्छता में सहभागिता—स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ की भावना को आत्मसात करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा घर-परिवार और समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को अपशिष्ट के उचित पृथक्करण और निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने गीले एवं सूखे कचरे के साथ स्वच्छता संबंधी तथा विशेष देखभाल वाले कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता समझाते हुए विद्यार्थियों से जिम्मेदार एवं सजग व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।

स्वच्छता की शपथ लेकर लिया संकल्प
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने, स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली।
एसटीपी और ईटीपी का किया शैक्षिक भ्रमण
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को बरेका के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। यहां विद्यार्थियों को अपशिष्ट जल के शोधन, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए भ्रमण में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से बरेका में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ स्वच्छ परिसर, स्वच्छ पर्यावरण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।










