Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » लालबाग के राजा की भव्य विदाई, काशी में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, 80 कलाकारों ने रचा महाराष्ट्र का रंग

लालबाग के राजा की भव्य विदाई, काशी में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, 80 कलाकारों ने रचा महाराष्ट्र का रंग

Share this post:

वाराणसी। शेरवाली कोठी में पांच दिनों से विराजमान मुंबई के सुप्रसिद्ध लालबाग के राजा श्रीगणेश जी की शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रीकाशी मराठा गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में नीचीबाग से शुरू हुई शोभायात्रा चौक, बाबा काशी विश्वनाथ धाम, बांस फाटक, गोदौलिया, गिरजाघर और लक्सा होते हुए लक्ष्मी कुंड पहुंची, जहां विधि-विधान से श्रीगणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही समिति का 18वां श्रीगणेश उत्सव समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हुआ।

शोभायात्रा से पूर्व समिति के संरक्षक संतोष पाटिल, अध्यक्ष आनंद सूर्यवंशी, महामंत्री अन्ना मोरे, कोषाध्यक्ष हनुमान शिंदे सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मराठी परंपरा के अनुसार श्रीगणेश जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर महाआरती की। इसके बाद फूलों से सुसज्जित रथ पर लालबाग के राजा की प्रतिमा को विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा में महाराष्ट्र के नासिक से आए 80 सदस्यीय कलाकार दल ने पारंपरिक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से काशी की गलियों में महाराष्ट्र की रंगत बिखेर दी। दल में महिला कलाकारों की भी बड़ी भागीदारी रही। शहनाई वादन, घोड़ों पर सवार कलाकारों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा को आकर्षक बना दिया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर गणपति बप्पा का स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी शोभायात्रा का स्वागत कर पूजन और आरती की।

पुरुषों और महिलाओं ने पारंपरिक मराठी वेशभूषा में हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में ‘गणपति बप्पा मोरया’, ‘जय गणेश’ और ‘एक-दो-तीन-चार, बप्पा का हो जय-जयकार’ के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने श्रीगणेश जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लक्ष्मी कुंड पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों ने पुनः श्रीगणेश जी का पूजन-अर्चन किया और अगले वर्ष पुनः पधारने का निमंत्रण अर्पित किया। इसके बाद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रीगणेश जी की प्रतिमा को कंधे पर उठाकर लक्ष्मी कुंड तक पहुंचाया और श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया।

इससे पूर्व गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज सम्मान से 11 विभूतियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र एवं प्रसाद देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रदीप नारायण सिंह, डॉ. अशोक राय, संत बलविंदर सिंह, विजय मोदी, प्रो. डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, राजेश प्रताप सिंह, दिलीप सिंह, उषा रानी, राजन जी, चंद्रशेखर महादेव और डॉ. रागिनी सरना शामिल रहे।

शोभायात्रा में माणिक राव पाटिल, संतोष पाटिल, सुहास पाटिल, तानाजी पाटिल, हणमंत राव मोरे, चंद्रशेखर शिंदे, आनंद राव सूर्यवंशी, अन्ना मोरे, हनुमान शिंदे, अजीत पाटिल, मूसा मूलानी (राजू), सोनू पाटिल, बजरंग शिंदे, सुनील शिंदे, रवि सेठ, विनोद जाधव, शुभम पाटिल, वसंत तामखड़े, सुभाष जगताप, शंकर भगत, संतोष शिंदे, किशोर पाटिल, निखिल पाटिल, अक्षय माली, प्रकाश मिसाल, संतोष प्रकाश पाटिल, अशोक शिंदे, चक्रवर्ती विजय नावड़, डॉ. कैलाश सिंह विकास सहित विभिन्न संगठनों की महिला पदाधिकारी और अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x