Follow us on

Home » ब रे का » बरेका के दस कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

बरेका के दस कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

Share this post:

वाराणसी, 02 नवंबर। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अक्टूबर माह के दौरान सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी एवं नौ कर्मचारियों के सम्मान में सोमवार को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में विदाई समारोह आयोजित किया गया। प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों की वर्षों की सेवाओं, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। इस दौरान उन्हें सम्मानित कर स्वस्थ, सुखी एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह में सहायक कार्य प्रबंधक श्री हरेन्द्र कुमार पाण्डेय, मुख्य कार्यालय अधीक्षक डॉ. मानसी पाइक राय, एसएसई/वेल्डिंग श्री राम चन्दर, एसएसई श्री बृजेश कुमार विश्वकर्मा, एमसीएम श्री कैलाश कुमार सेठ, वरिष्ठ तकनीशियन श्री असीम नार्थ, श्री काफिल अहमद एवं श्री अशोक कुमार रावत, तकनीशियन श्री चंद्रमा प्रसाद तथा हाउसकीपिंग असिस्टेंट श्री मो. असलम खान को विदाई दी गई।

समारोह के अध्यक्ष एवं प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और फोल्डर प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो नई शुरुआत का अवसर भी प्रदान करता है। लंबे समय तक संस्थान की सेवा करने के बाद अब उन्हें परिवार और सामाजिक जीवन के लिए अधिक समय मिलेगा। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित दिनचर्या अपनाने और परिवार के साथ सुखद समय बिताने की सलाह दी।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उपलब्ध कराए गए फोल्डर में शामिल महत्वपूर्ण जानकारियों से भी अवगत कराया। मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यायाम और संतुलित आहार को स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया। कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव ने सभी के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, बरेका की मुख्य शाखा प्रबंधक श्रीमती रिचा त्रिपाठी तथा बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका के मुख्य शाखा प्रबंधक श्री दिनेश कुमार ने वित्तीय प्रबंधन, निवेश, सेवानिवृत्ति लाभों के सदुपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा आर्थिक सुरक्षा के लिए सोच-समझकर निवेश करने की सलाह दी।

समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव और यादगार संस्मरण साझा किए। उन्होंने बरेका में बिताए वर्षों तथा सहकर्मियों से मिले सहयोग और आत्मीय संबंधों को याद करते हुए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके संस्मरणों से समारोह का माहौल भावुक हो उठा।

इस अवसर पर जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी-मुख्यालय श्री राम प्रवेश यादव, कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री श्रीकांत यादव, श्री नवीन कुमार सिन्हा, श्री सुशील कुमार सिंह एवं श्री मनीष कुमार सिंह सहित सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन और सहकर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी-मुख्यालय श्री राजकुमार गुप्ता ने किया। अंत में बरेका परिवार की ओर से सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध भविष्य की कामना की गई।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल