वाराणसी। बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उनके सपनों को नई उड़ान देने की पहल के तहत विशेश्वरगंज स्थित होटल त्रिदेव में सेलिब्रिटी अवॉर्ड शो का आयोजन किया गया। मिसेज एशिया विजयता सचदेवा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में टीटीएफ फाउंडेशन के 11 चयनित प्रतिभाशाली बच्चों को ‘राइजिंग स्टार अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में टीटीएफ फाउंडेशन की सोनाली ने राइजिंग स्टार अवॉर्ड के साथ ‘मिस सिटी वाराणसी सेलिब्रिटी चॉइस-2026’ का खिताब भी हासिल किया। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और आत्मविश्वास से सोनाली ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं आस्था फाउंडेशन की बेटी तान्या कुमारी ने शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और सम्मान प्राप्त किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बच्चों ने विजयता सचदेवा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें केवल मंच ही नहीं दिया, बल्कि अपनी प्रतिभा पर विश्वास करने और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी दिया।

इस अवसर पर विजयता सचदेवा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है उसे पहचानने, प्रोत्साहित करने और उचित मंच उपलब्ध कराने की। बच्चों के चेहरों पर खुशी और अपने सपनों को पूरा करने का विश्वास ही इस पहल की सबसे बड़ी सफलता है।
कार्यक्रम में मिले सम्मान से बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। उन्होंने अपने हुनर को और निखारने तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। पत्रकार वार्ता में मिसेज एशिया विजयता सचदेवा, पुष्पा मिश्रा सहित सभी विजेता बच्चे मौजूद रहे।










