वाराणसी, 9 सितंबर। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित संस्थान में बुधवार को तीन दिवसीय पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 9 से 11 सितंबर तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन संस्थान अध्यक्ष एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) रामजन्म चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित और फीता काटकर किया। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित प्रकाशकों और पुस्तक वितरकों ने विविध विषयों की पुस्तकों के स्टॉल लगाए हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए रामजन्म चौबे ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान, चिंतन और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। डिजिटल युग में सूचना के अनेक माध्यम उपलब्ध होने के बावजूद पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है। पुस्तकें ज्ञानवर्धन के साथ व्यक्ति में सकारात्मक सोच, रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और सामाजिक चेतना का विकास करती हैं। उन्होंने बरेका परिवार और पुस्तक प्रेमियों से मेले का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा पठन-पाठन की संस्कृति को मजबूत करने का आह्वान किया।
संस्थान के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजकुमार गुप्ता ने भी पुस्तक मेले को ज्ञान और विचारों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। संस्थान सचिव आलोक सिंह ने संस्थान की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए पुस्तक मेले के आयोजन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
मेले में हिंदी साहित्य, इतिहास, संस्कृति, तकनीकी शिक्षा, सामान्य ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं और व्यक्तित्व विकास सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध हैं। हिंदी श्री प्रकाशन एवं वितरक, व्योम प्रकाशन, पिलग्रिम प्रकाशन, लक्ष्मी नारायण बुक्स एजेंसी, मोतीलाल बनारसी दास प्रकाशन, इंडिका बुक डिस्ट्रीब्यूटर्स, भारती प्रकाशन सहित कई प्रकाशकों और पुस्तक वितरकों ने स्टॉल लगाए हैं। इससे बरेका के अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिजन और अन्य पुस्तक प्रेमी अपनी रुचि एवं आवश्यकता के अनुरूप पुस्तकों का चयन कर रहे हैं।

पुस्तक मेले के शुभारंभ अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। ‘क्रेजी अबाउट डांस’ की तन्वी टंडन ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक एकल नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद रतन एवं ही नारायण की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम का संचालन उप सचिव अरविंद तिवारी और उप संयुक्त सचिव अखिलेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों का स्वागत संस्थान सचिव आलोक सिंह, उप सचिव अरविंद तिवारी, संयुक्त सचिव रविन्द्र यादव, पुस्तकालय सचिव आनंद राय, कोषाध्यक्ष अखिलेश राय, खेलकूद सचिव रमेशचंद्र जैसल और उप संयुक्त सचिव अखिलेश कुमार ने किया।
इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार यादव, विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी, संस्थान के पदाधिकारी और गणमान्यजन मौजूद रहे। आयोजकों ने बरेका परिवार एवं पुस्तक प्रेमियों से तीन दिवसीय मेले में पहुंचकर पुस्तकों के इस ज्ञानोत्सव का लाभ उठाने की अपील की।










