वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मरुई निवासी श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त को लापता हुई थीं। 20 अगस्त को उनका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में बरामद हुआ था। मामले में राजातालाब थाने में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने 24 अगस्त को मुठभेड़ में आरोपी पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार किया था, जबकि 27 अगस्त को रामसहाय चौबे को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके बाद से पुलिस मुख्य आरोपी विवेक चौबे की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को राजातालाब पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी जगतदेवपुर की ओर से जा रहा है। पुलिस टीम ने वहां चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही एक संदिग्ध पैदल भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान विवेक चौबे (29) पुत्र रामसहाय चौबे, निवासी नियारडीह, थाना चोलापुर के रूप में हुई।

पुलिस की पूछताछ में विवेक चौबे ने कथित तौर पर बताया कि श्रेया की शादी कहीं और तय होने से वह नाराज था। इसी वजह से उसने अपने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को श्रेया की हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
विवेक चौबे के खिलाफ राजातालाब थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 157/2026 में धारा 103(1), 3(5), 238(क) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ के दौरान बरामद असलहे के संबंध में आयुध अधिनियम की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, राजेश मौर्य, सुनील यादव, रोहित दूबे समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।










