वाराणसी। चितईपुर से चुनार रोड तक इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढे पानी में डूब जाने के कारण आए दिन दो-चार वाहन सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
पंचक्रोशी मार्ग से सटी संत नगर, मीरा नगर और मणि नगर कॉलोनियों में स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। इन इलाकों में कई लोगों के घरों में करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। लंबे समय से जलभराव के कारण लोगों को घर से निकलने और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
वहीं चुनार रोड से सटी विश्वकर्मा नगर, धर्मवीर नगर, गोकुलपुरम, गौतम नगर और नीलकंठपुरम समेत अन्य कॉलोनियों में भी हालात बदतर होते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलभराव के चलते उनके घरों में लगे समर्सिबल पंपों से भी दूषित और दुर्गंधयुक्त पानी निकल रहा है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उनका आरोप है कि प्रशासन का ध्यान केवल चुनिंदा स्थानों तक सीमित है, जबकि प्रभावित कॉलोनियों की समस्याओं की ओर अपेक्षित गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में प्रशासन के कथित उपेक्षापूर्ण रवैये और जनप्रतिनिधियों द्वारा जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने को लेकर नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों से तत्काल पानी की निकासी कराई जाए, सड़क के गड्ढों को चिह्नित कर उनकी मरम्मत कराई जाए तथा दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।










