Follow us on

Home » ब रे का » डिजिटल बैंकिंग के साथ साइबर सतर्कता जरूरी, बरेका में वित्तीय प्रबंधन कार्यशाला आयोजित

डिजिटल बैंकिंग के साथ साइबर सतर्कता जरूरी, बरेका में वित्तीय प्रबंधन कार्यशाला आयोजित

Share this post:

वाराणसी, 27 अगस्त। डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के बीच वित्तीय सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से “वित्तीय प्रबंधन एवं साइबर सुरक्षा” विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यशाला में बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने भाग लिया।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देश एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य रेलकर्मियों और पेंशनर्स को बेहतर वित्तीय प्रबंधन, आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

भारतीय स्टेट बैंक, बरेका की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ऋचा त्रिपाठी ने बैंक की विभिन्न डिजिटल एवं वित्तीय सेवाओं की जानकारी देते हुए रेलवे सैलरी पैकेज, योनो ऐप, नेट बैंकिंग, केवाईसी अपडेट, ऋण एवं जमा योजनाओं, बीमा कवर, टैक्स भुगतान, व्हाट्सऐप बैंकिंग तथा डेबिट और क्रेडिट कार्ड के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग ने वित्तीय लेन-देन को सरल और तेज बनाया है, लेकिन इसके साथ डिजिटल सतर्कता भी उतनी ही आवश्यक है। साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करने तथा ओटीपी, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से संदिग्ध कॉल, संदेश और लिंक के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का आह्वान किया।

कार्यशाला में भारतीय स्टेट बैंक, बरेका शाखा के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र कुमार ने रेलवे सैलरी पैकेज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। रिलेशनशिप मैनेजर अभिषेक गुप्ता ने पेंशनर्स के लिए उपलब्ध विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी साझा की। वहीं जोनल एरिया मैनेजर अबू ओबैद ने बीमा और पेंशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की वित्तीय सुरक्षा के लिए समय रहते सुनियोजित वित्तीय योजना बनाने पर जोर दिया।

कार्यशाला के दौरान आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेंशनर्स ने वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग सेवाओं, पेंशन, बीमा और साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे। बैंक अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर उप मुख्य कार्मिक अधिकारी, मुख्यालय समीर पॉल, प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव, वरिष्ठ कमांडेंट संजय पीसे, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजकुमार गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज एवं राम प्रवेश यादव, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव सहित परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव, अमित कुमार, संतोष कुमार यादव, सुशील सिंह एवं मनीष सिंह तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x