वाराणसी। चौकाघाट स्थित जिला जेल में सखी पैड बैंक की ओर से सेवा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 100 महिला बंदियों को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही जेल परिसर में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित की गई, जिससे जरूरत पड़ने पर महिलाओं को सहजता से पैड उपलब्ध हो सकें।
अभियान के दौरान सखी पैड बैंक की टीम ने महिला बंदियों को मासिक धर्म स्वच्छता, सेनेटरी पैड के उचित उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। संस्था की ओर से कहा गया कि मासिक धर्म स्वच्छता केवल स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, गरिमा और आत्मनिर्भरता का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर उपस्थित भाइयों एवं बहनों को राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, सम्मान और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दिया गया। सखी पैड बैंक ने बताया कि संस्था जरूरतमंद महिलाओं तक निःशुल्क सेनेटरी पैड पहुंचाने के साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का निरंतर प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में जिला अधीक्षक सौरव श्रीवास्तव, रीता जायसवाल, सुरसुरी जायसवाल एवं राज किरण की विशेष उपस्थिति रही। सखी पैड बैंक की ओर से चारू जैन, मीनू ग्रोवर, सपना कपूर, नलिनी जैन, निधि टंडन, सुनीता भार्गव एवं अनिल नरूला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सम्मान प्रत्येक महिला का अधिकार है तथा समाज के हर वर्ग तक आवश्यक सुविधाएं और जागरूकता पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।










