वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के इंटर कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को शुक्रवार को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। सत्र 2025-26 में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी, बरेका लालजी चौधरी ने प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए
इस अवसर पर लालजी चौधरी ने विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि को उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम बताते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
सत्र 2025-26 में कक्षा छह में लकी कुमारी ने प्रथम तथा मधुबाला सिंह ने द्वितीय, कक्षा सात में नुसरत यासमीन ने प्रथम तथा साक्षी पाल ने द्वितीय, कक्षा आठ में प्रियम यादव ने प्रथम तथा जितेश कुमार मीना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में कक्षा नौ में अनमोल प्रजापति प्रथम तथा श्रेया यादव द्वितीय और कक्षा 11 में अनुष्का कुमारी प्रथम तथा युवराज जायसवाल द्वितीय रहे।

समारोह में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) समीर पॉल, विद्यालय के प्राचार्य ए.के. माहेश्वरी, समन्वयक धर्म वीर सिंह, प्रवक्ता दिनेश कुमार सिंह एवं अध्यापिका दीप्ति राय उपस्थित रहीं।










