वाराणसी। सखी पैड बैंक की ओर से महमूरगंज स्थित बालाजी पैलेस में भव्य तीज महोत्सव ‘कुड़ी पंजाब दी’ का आयोजन किया गया। पंजाबी संस्कृति, लोककला, नृत्य और मनोरंजन से सजे कार्यक्रम में करीब 80 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन में गीत-संगीत और नृत्य के साथ तीज की उमंग और उल्लास देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीएचयू फैकल्टी की डीन डॉ. संगीता पंडित, विशिष्ट अतिथि डॉ. बीना नागर एवं ममता राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद नृत्यकला अकादमी के बच्चों ने सलोनी मैम के नेतृत्व में गणेश वंदना प्रस्तुत की। बनारस की लोक संस्कृति को समर्पित कजरी की शानदार प्रस्तुति नीरू मिश्रा, सुनीता भार्गव, निशा सिंह, संगीता सेठ, स्वाति सेठ एवं कुसुम ने दी।
कार्यक्रम में आयोजित सोलो डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पंजाबी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। नंदिता रॉय, पूजा चौधरी, दीप्ति सिंह, हेमा, कवलजीत कौर, भूमिका कपूरिया, डॉली श्रीवास्तव एवं दीपिका कक्कड़ सहित प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सपना कपूर की नृत्य प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण रही।

‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। प्रथम चरण में सभी प्रतिभागियों ने रैंप वॉक किया। निर्णायकों ने प्रदर्शन के आधार पर 10 प्रतिभागियों का चयन किया, जिसके बाद अगले चरण में पांच प्रतिभागी पहुंचीं। अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर के आधार पर विजेताओं का चयन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक खेलों का भी आयोजन हुआ, जिसका संचालन अनीता जायसवाल ने रोचक अंदाज में किया। प्रतियोगिता की मॉडरेटर एवं प्रमुख संचालक चारू जैन रहीं।
आयोजन को सफल बनाने में रितिका जैन, रूबी जैन, मीनू ग्रोवर, शीला गुप्ता, निधि टंडन, नलिनी जैन, प्राची गुप्ता, पूजा श्रीवास्तव, सरिता रॉय, अंजू गोयल, सुधा सिंह एवं प्रतिभा सिंह सहित अनेक सहयोगियों का योगदान रहा। सखी पैड बैंक का यह आयोजन पंजाबी संस्कृति, लोककला, नृत्य और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम बनकर उभरा।










