वाराणसी। लक्सा स्थित झूलेलाल मंदिर में पूज्य झूलेलाल भक्त सेवा समिति की ओर से 40 दिवसीय चालिया महोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के 35वें दिन आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री डॉ. दया शंकर मिश्र ‘दयालु’ मुख्य अतिथि रहे।
मुख्य अतिथि का सिंधी समाज के प्रमुख जय प्रकाश बालानी ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद भगवान झूलेलाल जी एवं हिंगलाज माताजी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पल्लव प्रार्थना की गई। सिंधी समाज की महिलाओं ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
महोत्सव के अंतिम चरण में भगवान झूलेलाल जी एवं भगवान विष्णु जी की भव्य आरती उतारी गई। इस दौरान विश्व में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम के समापन पर भगवान को सिंधी व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

महोत्सव के आयोजन में जेपी बालानी, सुरेश तुलस्यान, अनिल शर्मा, रोहित बलानी, सतीश छाबड़ा, वासुदेव नागवानी, मुस्कान शर्मा, अमृता अठवानी, जया रत्नानी, भावना, मोनिका, लता बजाज, रेखा, रिया लालवानी, ममता, दुर्गा, कृष्णा होतवानी, देवानंद, घनश्याम लालवानी, कल्पना, ज्योति सहित समाज के अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा।










