चकिया। पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी के तहत पीएमकेएसके कृषक भारती सेवा केंद्र चकिया में किसान सभा का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में किसानों को उर्वरकों के संतुलित एवं उचित प्रयोग, मृदा परीक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में क्रय-विक्रय सहकारी समिति चकिया के अध्यक्ष राजीव पाठक, कृभको गोरखपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. विवेक सिंह, डॉ. आनंद प्रताप सिंह तथा कृभको वाराणसी-चंदौली के वरिष्ठ क्षेत्र अधिकारी आदर्श कुमार सिंह मौजूद रहे। संचालन आदर्श कुमार सिंह ने किया।
विशेषज्ञों ने किसानों को कृभको के विभिन्न कृषि उत्पादों, विशेषकर राज्य सुपर जिंक एवं जिंक ईडीटीए के प्रयोग, उपयोगिता और फसलों में होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करने से फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है। किसानों से मृदा परीक्षण कराने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन व आय बढ़ाने का आह्वान किया गया।

क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. विवेक सिंह ने किसानों को मृदा परीक्षण के लिए प्रेरित करते हुए इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृदा परीक्षण के आधार पर फसलों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की सही मात्रा निर्धारित की जा सकती है, जिससे अनावश्यक उर्वरक खर्च से बचने के साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है।
संगोष्ठी में महिलाओं सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं तथा प्रमुख किसानों को जिंक ईडीटीए समेत संबंधित कृषि उत्पादों का नि:शुल्क वितरण भी किया गया।
अंत में कृषक भारती सेवा केंद्र के संचालक रमेश कुमार शुक्ल ने सभी अतिथियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।










