वाराणसी। प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मलदहिया चौराहे के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवजीत पटेल (30) पुत्र बाल गोविन्द पटेल, निवासी रामगढ़ कोठारी, थाना बहरिया, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। वह प्रतियोगी परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से संबंधित मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक एवं लल्लापुरा चौकी प्रभारी शिवम, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह तथा रिजर्व कांस्टेबल मो. ईजाद शामिल रहे।










