चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के मवैया स्थित राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के बीच मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने विद्यालय के नवनिर्मित मेन गेट का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पहुंचने में विलंब होने पर उन्होंने उपस्थित लोगों से क्षमा मांगते हुए आत्मीयता का परिचय दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ विद्यालय की एमडी एवं डायरेक्टर श्रीमती परवीन रुस्तम द्वारा ध्वजारोहण से हुआ। इसके बाद एनसीसी कैडेटों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियों से समारोह में राष्ट्रप्रेम का रंग भर दिया।
मुख्य अतिथि मंत्री अनिल राजभर ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से एमडी एवं डायरेक्टर श्रीमती परवीन रुस्तम ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान चेयरमैन एमडी शाह आलम, वाइस चेयरमैन श्रीमती अंजुम आरा, डॉ. परशुराम सिंह, डॉ. गीता शुक्ला, राधेश्याम द्विवेदी, प्रधानाचार्या श्रीमती विभा सिंह एवं वाइस प्रिंसिपल मुकेश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली समेत प्रत्येक क्षेत्र में विकास को गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

विद्यार्थियों और युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए मंत्री ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की में युवा पीढ़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रसेवा को जीवन का आधार बनाकर विद्यार्थी विकसित भारत के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन भी किया।
समारोह में मौर्य ग्राम प्रधान आशुतोष जायसवाल, समाजसेवी रियाज अहमद सहित मीडिया प्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।










