वाराणसी। श्री आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद् की ओर से बुधवार को आर्य महिला कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा एवं हर मन तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि का एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को तिरंगा वितरित करते हुए स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व महानगर महामंत्री चंद्रशेखर उपाध्याय और क्षेत्रीय मंत्री, महिला मोर्चा पूजा दीक्षित भी उपस्थित रहीं।
प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि तिरंगा भारत की स्वतंत्रता, शौर्य, शांति, समृद्धि और अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ एवं तिरंगा यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी में 13 अगस्त को दोपहर तीन बजे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गेट संख्या-3 से ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो लहुराबीर होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचेगी। यात्रा के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने भगवान शिव के आह्वान से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ करते हुए देश के विभिन्न प्रांतों की शास्त्रीय नृत्य परंपराओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। एनसीसी छात्राओं की अनुशासित परेड और विद्यालय बैंड की राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत धुनों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का संचालन डीन ऑफ एकेडमिक्स दीपा जोशी ने किया। प्रधानाचार्या अंजना दीक्षित ने अतिथियों, शिक्षकों, छात्राओं और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य अतिथि प्रदीप अग्रहरि सहित विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने आर्य महिला संस्थान की पूजा दीक्षित एवं प्रबंधन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में ‘Gen Z’ युवा पीढ़ी के साथ राष्ट्र निर्माण, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव में सक्रिय सहभागिता का संकल्प भी लिया गया।










