वाराणसी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं बटालियन की ओर से बुधवार को भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। रैली में बटालियन के अधिकारियों, जवानों, स्कूली छात्रों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
95वीं बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उनके नेतृत्व में निकली बाइक रैली में 150 से अधिक अधिकारी और जवान तिरंगा लेकर शामिल हुए। रैली पहड़िया मंडी तिराहे से होते हुए सारनाथ म्यूजियम पहुंची।
सारनाथ म्यूजियम के निकट अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इस दौरान बटालियन के जवानों ने स्थानीय लोगों को तिरंगे का वितरण कर उन्हें हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद रैली आशापुर चौराहे से होते हुए 95वीं बटालियन मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान का माहौल बना रहा।
रैली में द्वितीय कमान अधिकारी राज कुमार व आलोक कुमार, उप कमांडेंट नवनीत कुमार व वीरेंद्र सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि प्रकाश, सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार व पंकज कुमार, इंस्पेक्टर प्रिंस सिंह, विवेक चंद्र राय, अनिल कुमार सहित बटालियन के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।










