वाराणसी। शिक्षा जगत के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं श्री मुरली मनोहर टाउन पीजी कॉलेज, बलिया के पूर्व प्राचार्य प्रो. डॉ. रामकुंवर यादव (88) का मंगलवार सुबह लंका स्थित आवास पर निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। उनके निधन से शैक्षणिक एवं बौद्धिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। वह हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर के पिता थे तथा मूल रूप से चंदौली जनपद के धानापुर क्षेत्र के निवासी थे।
प्रो. डॉ. रामकुंवर यादव उच्च शिक्षा एवं समाजशास्त्र के क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्ती थे। उन्होंने अपने अध्यापन जीवन की शुरुआत मेरठ कॉलेज से की। इसके बाद महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग में सेवाएं दीं। बाद में श्री मुरली मनोहर टाउन पीजी कॉलेज, बलिया में समाजशास्त्र विभाग में रीडर एवं विभागाध्यक्ष के रूप में नियुक्त हुए। वर्ष 1982 में उन्हें महाविद्यालय का प्राचार्य बनाया गया। लगभग 17 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने संस्थान के शैक्षणिक, प्रशासनिक और संस्थागत विकास को नई दिशा प्रदान की। वर्ष 1999 में सेवानिवृत्ति के उपरांत उन्होंने पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में ओएसडी, चीफ प्रॉक्टर तथा इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियों एवं परीक्षाओं में निरीक्षक और समन्वयक के रूप में भी उनकी सेवाएं उल्लेखनीय रहीं।
उनके परिवार में पत्नी, बड़े पुत्र डॉ. अरविंद कुंवर, जो राजकीय इंटर कॉलेज, शक्तिनगर के प्राचार्य हैं, तथा छोटे पुत्र प्रो. रजनीश कुंवर, जो वर्तमान में हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य हैं, सहित पौत्र विनायक कुंवर, कार्तिकेय कुंवर, आर्यन कुंवर, अंश कुंवर एवं अन्य परिजन हैं।

बुधवार सुबह हरिश्चंद्र घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे पुत्र प्रो. रजनीश कुंवर ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर दिवंगत शिक्षाविद् को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।










