वाराणसी। उत्तर प्रदेश ऑटो रिक्शा थ्री व्हीलर चालक यूनियन ने मंगलवार को ऑटो चालकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर निगम में ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे यूनियन पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने बताया कि लंबे समय से शहर के ऑटो चालक मूलभूत सुविधाओं के अभाव और विभिन्न अव्यवस्थाओं से जूझ रहे हैं। इसका प्रतिकूल असर न केवल चालकों की आजीविका पर पड़ रहा है, बल्कि प्रतिदिन ऑटो से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को भी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में नगर निगम से वाराणसी के सभी ऑटो स्टैंडों का विधिवत चिन्हांकन कराने, प्रत्येक स्टैंड पर शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, निर्धारित शुल्क की आधिकारिक रसीद जारी करने तथा ऑटो स्टैंडों पर हो रही अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई गई।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि जनहित और चालक हित को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन इन मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करे, जिससे ऑटो चालकों और यात्रियों दोनों को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से मुमताज अहमद, हरेंद्र गिरी, अशोक कुमार, किशन कनौजिया और अशोक सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं चालक उपस्थित रहे।








